ममता वाहन सेवा बिल पास कराने के लिए मांगी रिश्वत
हजारीबाग News :- हजारीबाग जिले के चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी चिकित्सक डॉ. सतीश कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, ममता वाहन सेवा के संचालक उज्ज्वल सिन्हा ने एसीबी से शिकायत की थी कि डॉ. सतीश कुमार ने उनके 25,000 रुपये के बकाया बिलों पर हस्ताक्षर करने के एवज में 3,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की गुप्त जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद योजना बनाकर कार्रवाई की गई।
मंगलवार को तय योजना के अनुसार एसीबी की टीम ने डॉ. सतीश कुमार को उनके कार्यालय में ही 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
डॉक्टर की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही चौपारण सीएचसी और आस-पास के प्रखंडों में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी इस कार्रवाई को लेकर चिंता देखी जा रही है। आम जनता भी स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर नाराजगी जाहिर कर रही है।
ACB की इस कार्रवाई को कई लोग एक साहसिक कदम मान रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की उम्मीद जताई जा रही है।

