Rohtas News:- जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के किरहिंडी गांव में शुक्रवार सुबह पारिवारिक विवाद के दौरान एक चाचा ने अपनी 17 वर्षीय भतीजी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान शिवानी कुमारी उर्फ गोल्डी के रूप में हुई है। बताया गया कि पारिवारिक झगड़े के दौरान आरोपी सुधाकर सिंह ने भतीजी पर फायरिंग की। गोली गर्दन में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार वालों ने आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल सासाराम के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि एक वर्ष पूर्व भी चाचा ने भतीजी पर हमला किया था, तब उसने सिर पर लाठी से प्रहार कर घायल कर दिया था। परिवार में पिछले दो साल से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जो इस घटना की वजह बना।।
एसपी रौशन कुमार ने बताया कि आरोपी सुधाकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य परिजनों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।

