Araia News:- अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड के ढोलबज्जा पंचायत अंतर्गत बाबा चौक स्थित वार्ड संख्या 2 में सोमवार को गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में एक किराना दुकान और उससे सटा हुआ घर पूरी तरह जल गया। इस हादसे में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति राख हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित दुकानदार और गृहस्वामी चन्द्रहांस दास ने बताaया कि दोपहर के समय रसोई में अचानक गैस सिलेंडर से आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे घर और दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुटे और बाल्टी व पाइप की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे।
ग्रामीणों के अनुसार, आग की लपटें इतनी ऊँची थीं कि दुकान में रखे सामान को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल पाया। पीड़ित ने बताया कि दुकान में रखे करीब 15 हजार रुपये नकद, टीवी, बर्तन, कपड़े, अनाज और पूरे किराना का सामान आग में जलकर खाक हो गया। घर के कई महत्वपूर्ण सामान भी आग की चपेट में आ गए।
सूचना मिलने पर फारबिसगंज फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीणों की अथक मेहनत से आग काफी हद तक नियंत्रित हो चुकी थी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बची हुई आग को पूरी तरह बुझाया और सब कुछ सुरक्षित सुनिश्चित किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास के अन्य घर और दुकाने भी आग की चपेट में आ सकते थे। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार आर्थिक संकट में है और प्रशासन से सहायता की मांग कर रहा है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवार को मदद दिलाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक टीम घटना की जांच में जुटी है।

