Madhepura News: जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। दीनाभद्री मेला देखकर लौट रहे चार दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे युवक का शव बाद में बरामद किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक रात करीब 9 बजे स्टेशन चौक से मेला देखने निकले थे और देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान करीब 12:30 बजे अरार थाना क्षेत्र स्थित पुल पर उनकी तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी। कार ने पुल की रेलिंग तोड़ दी और करीब 20 फीट नीचे नदी में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद तीन युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए, जबकि चौथे की तलाश देर तक जारी रही। बाद में प्रशासन ने चौथे युवक की भी पहचान कर ली। पानी अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाई आई।
मृतकों की पहचान घनश्याम कुमार, अंकित कुमार, बसंत कुमार और सागर कुमार के रूप में हुई है। सभी आपस में घनिष्ठ मित्र थे और एक साथ मेला देखने गए थे।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के एयरबैग खुल गए और शीशे पूरी तरह टूट गए।
घटना के बाद पूरे मधेपुरा और सहरसा इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


