Bihar News : पटना/भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बिहिया थाना क्षेत्र के राही लाइन होटल के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान प्रकाश सिंह, उनकी पत्नी पल्लवी सिंह और रिश्तेदार सौरव सिंह के रूप में हुई है। सौरव सिंह सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर स्माइल गांव के निवासी बताए गए हैं। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल सिट्टू सिंह उर्फ कुमार गौरव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर बक्सर से आरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसके पीछे चल रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक और घायल सभी छपरा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है और वे भोजपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और कंटेनर को जब्त कर लिया है तथा हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


