Rohtas News:- बिहार के रोहतास जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव में 25 वर्षीय युवक प्रीतम अपनी प्रेमिका के दबाव से परेशान होकर 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
मौके पर पहुंची इंद्रपुरी थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी ने माइकिंग कर युवक को नीचे उतरने की गुहार लगाई। युवक की मां भी बार-बार रोते हुए कहती रहीं– “बेटा उतर आओ… उतर आओ”, लेकिन प्रीतम टावर के टॉप पर ही बैठा रहा। यह ड्रामा करीब 4 से 5 घंटे तक चला।
फेसबुक पोस्ट से जुटी भीड़
ग्रामीणों ने बताया कि युवक टावर पर चढ़ते ही फेसबुक पर लाइव स्टेटस डाल दिया था। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी हुई, भारी भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी। महिलाएं और परिजन भी युवक को समझाने में जुटे रहे लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था।
प्रेम प्रसंग बना वजह
युवक प्रीतम ने बताया कि पिछले चार साल से उसका गांव की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने हरियाणा में शादी भी कर ली थी। बाद में लड़की के परिवार ने उसकी शादी किसी अन्य लड़के से कर दी। शादी के बाद भी लड़की उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी, जिससे प्रीतम मानसिक रूप से परेशान हो गया। उसने थाने में लिखित शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

