Hazaribagh News: हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र से लापता हुए भाई-बहन की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की त्वरित कार्रवाई के बाद मामले का खुलासा हुआ, जिससे पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी इस वारदात से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 30 मई 2026 को ओला शोरूम के समीप स्थित लक्ष्मी पेट्रोल पंप क्षेत्र से 11 वर्षीय बालिका और उसके तीन वर्षीय भाई के लापता होने की सूचना उनके पिता द्वारा कटकमदाग थाना में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष जांच टीम का गठन किया गया और तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक व्यक्ति दोनों बच्चों को स्कूटी पर बैठाकर ले जाता दिखाई दिया। पुलिस ने पहचान के आधार पर संजीत पासवान को संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया और उसके संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की।
इसी बीच 31 मई को कोर्रा थाना क्षेत्र के सिंदूर स्थित श्मशान घाट के पास एक बालिका का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद चलाए गए तलाशी अभियान में बालिका के छोटे भाई का शव भी श्मशान घाट से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिला। दोनों शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह बालिका को पहले से पहचानता था और उसे कई बार ओला शोरूम के आसपास आते-जाते देख चुका था। घटना वाले दिन वह दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर स्कूटी से सुनसान इलाके में ले गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बालिका के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। इसके बाद घटना के प्रत्यक्षदर्शी बने उसके छोटे भाई की भी हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी अमन कुमार ने कहा कि एसआईटी की सतर्कता और त्वरित जांच के कारण मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।
दो मासूम भाई-बहन की हत्या की इस घटना ने पूरे हजारीबाग जिले को झकझोर कर रख दिया है। घटना के खुलासे के बाद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है, वहीं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग भी तेज हो गई है।


