Giridih News : मुफस्सिल थाना इलाके के हरसिंगरायडीह स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 8 के छात्र के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के पीटी शिक्षक ने छात्र को इतना जोरदार तमाचा मारा कि उसके दाहिने कान का पर्दा फट गया। घटना 14 फरवरी की सुबह असेंबली के दौरान हुई बताई जा रही है। बच्चे के पिता ने मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाल बड़े बताकर जड़ा थप्पड़, 30% सुनने की क्षमता प्रभावित
पचम्बा थाना क्षेत्र के कोयरीटोला निवासी दिलीप कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि उनका पुत्र 14 फरवरी को स्कूल गया था। सुबह करीब 9:30 बजे असेंबली के दौरान प्रार्थना से पहले उसके बाल छोटे होने के बावजूद “बाल बड़ा” बताकर टोका गया। आरोप है कि प्राचार्या सोनी तिवारी के कहने पर शिक्षक अली राजा ने पीछे से आकर बच्चे के कान पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। घर लौटने के बाद बच्चे ने कान में तेज दर्द और सुनने में दिक्कत की शिकायत की। सदर अस्पताल और मर्सी अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने दाहिने कान का पर्दा फटने और लगभग 30 प्रतिशत सुनने की क्षमता कम होने की पुष्टि की।
धमकी का आरोप, शिक्षक ने कहा—बड़ी घटना नहीं
दिलीप कुमार का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने मामले की जानकारी स्कूल के चेयरमेन बलजीत सिंह सलूजा को दी, तो उल्टा बच्चे को निष्कासित करने की धमकी दी गई। हालांकि शिक्षक अली राजा ने इन आरोपों को हल्का बताते हुए कहा कि “कोई बड़ी घटना नहीं थी। बच्चा असेंबली के बाद पांच घंटे तक स्कूल में रहा, उसने दर्द की शिकायत नहीं की। हम बच्चे को मारने नहीं, पढ़ाने आते हैं।”
शिक्षक सस्पेंड, इलाज का खर्च उठाने का वादा
स्कूल की प्राचार्या सोनी तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है और अभिभावक को बातचीत के लिए बुलाया गया है। वहीं निदेशक बलजीत सिंह सलूजा ने कहा कि आरोपी शिक्षक को हटा दिया गया है और पीड़ित छात्र के इलाज का पूरा खर्च स्कूल प्रबंधन वहन करेगा।
अभिभावक संघ की मांग—सख्त कार्रवाई हो
अभिभावक संघ के संरक्षक सह अधिवक्ता शिवेंद्र सिन्हा ने इसे दंडनीय अपराध बताते हुए कहा कि स्कूल परिसर में बच्चे की पिटाई बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आरोपी शिक्षक और स्कूल प्रबंधन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

