Araia News:- विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर अररिया में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। मतगणना स्थल कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन में पुलिस बलों का फुल ड्रेस रिहर्सल कराया गया।
इस रिहर्सल में मतगणना के दिन ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों को बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, लाठी और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ तैयारियों का अभ्यास कराया गया। इस दौरान बलों को किसी भी संभावित परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया।
रिहर्सल की पूरी प्रक्रिया पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) फखरे आलम और डीएसपी हेडक्वार्टर मनोज कुमार सिंह की देखरेख में की गई। इस दौरान सभी तैयारियों का जायजा लिया गया और कर्मियों को मतगणना स्थल पर सुरक्षा घेरा, प्रवेश नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और आपात प्रतिक्रिया प्रणाली के बारे में विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
रिहर्सल एसपी अंजनी कुमार के निर्देश पर आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन सुरक्षा में किसी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनावी मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अधिकारी ने बताया कि मतगणना केंद्रों के आसपास कड़ी निगरानी और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था रहेगी। किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त बल की तैनाती की गई है।
इस अभ्यास का उद्देश्य मतगणना दिवस पर विश्वास बहाली और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि पूरे जिले में मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हो सके।

