Patna:- बिहार के बेगूसराय जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक रेल हादसे में चार रिश्तेदारों की मौत हो गई। यह हादसा बरौनी–कटिहार रेलखंड के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र स्थित उमेशनगर स्टेशन के ढाला के पास हुआ, जब चारों लोग डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक आपस में रिश्तेदार थे और सभी एक ही परिवार से संबंध रखते थे। मृतकों की पहचान धर्मदेव महतो (40 वर्ष), रीता देवी (35 वर्ष), रौशनी कुमारी (14 वर्ष) और आरोही कुमारी (7 वर्ष) के रूप में की गई है। ये सभी रहुआ गांव के निवासी थे और एक ही घर में रहते थे।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग रघुनाथपुर गांव में आयोजित काली पूजा मेले में शामिल होकर अपने गांव रहुआ लौट रहे थे। घर लौटने के लिए वे रेलवे ट्रैक के किनारे से गुजरने वाले रास्ते का उपयोग कर रहे थे, तभी अचानक डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस गुजरी और चारों उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही चारों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि यह इलाका अक्सर लोगों के लिए खतरा साबित होता है, क्योंकि स्थानीय लोग ट्रैक किनारे चलना सुविधाजनक समझते हैं। उन्होंने अपील की है कि लोग रेलवे ट्रैक के किनारे या उस पर चलने से बचें ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे रहुआ गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम और बैरिकेड लगाने की मांग कर रहे हैं।

