Begusarai: News :- बिहार के बेगूसराय जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के दौरान चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना जिले के खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र के सागी पंचायत स्थित नुरुल्लाहपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव के कुल आठ बच्चे सहनी घाट पर नहाने गए थे, जहां यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नहाने के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से चार बच्चे डूब गए, जबकि तीन बच्चे किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए। एक बच्चे को ग्रामीणों ने बचाया। सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद चारों बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान नुरुल्लाहपुर गांव के ब्रह्मस्थान मोहल्ले के रहने वाले कल्लर दास के 12 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार, उनके दो जुड़वां पोते – चांदसी दास के पुत्र अविनाश कुमार और अभिषेक कुमार, तथा रामशोभित दास के 14 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में की गई है। गांव में एक साथ चार बच्चों की मौत से शोक का माहौल है। पीड़ित परिवारों की चीख-पुकार से गांव गमगीन हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को संवेदना व्यक्त की गई है और सरकारी सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है।
इस हादसे ने एक बार फिर गर्मी के मौसम में नदी और तालाबों में बच्चों के नहाने को लेकर सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

