Purnia News:- बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कसबा विधानसभा के निवर्तमान विधायक अफाक आलम ने अपनी ही पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि टिकट देने में करोड़ों रुपये का खेल हुआ है और पार्टी की साख पैसे और दबाव की राजनीति में गिरवी रख दी गई है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और अफाक आलम का एक कथित ऑडियो वायरल हुआ है। इस ऑडियो में राजेश राम यह कहते सुने जा रहे हैं कि “आपका टिकट फाइनल हो गया है, लेकिन पप्पू यादव टिकट कटवाने में लगे हैं, कोई इरफान के टिकट की बात कर रहा है।”
इस वायरल ऑडियो के बाद अफाक आलम ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलकर कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पार्टी में टिकटों का सौदा हुआ है और “कई सिटिंग विधायकों के टिकट काटकर करोड़ों के लेनदेन किए गए हैं।” उन्होंने इस कथित “खेल” में कृष्णा अल्लाहवरु और शकील अहमद खान के नाम का जिक्र किया।
अफाक आलम ने कुछ तस्वीरें भी मीडिया के सामने रखीं, जिनमें कांग्रेस प्रत्याशी इरफान भाजपा नेताओं के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “इरफान पहले समिति का चुनाव हार चुके हैं, फिर भी उन्हें टिकट दिया गया — यह साफ तौर पर पैसों के लेनदेन की ओर इशारा करता है।”
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि “पप्पू यादव आखिर कांग्रेस में कौन हैं, जिनके दबाव में टिकट वितरण किया गया?” अफाक ने कांग्रेस आलाकमान से टिकट आवंटन प्रक्रिया की जांच की मांग की और कहा कि पार्टी को पारदर्शिता बहाल करनी चाहिए, ताकि कार्यकर्ताओं और नेताओं का विश्वास दोबारा जीता जा सके।
इस पूरे घटनाक्रम से पूर्णिया और आसपास के इलाकों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में असंतोष की लहर देखी जा रही है। पार्टी नेतृत्व ने अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

