नई दिल्ली।
कृषि विधेयक को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर सरकार पर हमला बोला है। ट्वीट के जरिए राहुल गांधी ने पारित कृषि विधेयक को ईस्ट इंडिया कंपनी राज से जोड़ते हुए इसे गरीबों का शोषण और पूंजीपति मित्रों का पोषण करने वाला बताया है। गांधी ने कृषि विधेयक को लेकर किसान संगठनों द्वारा आयोजित भारत बंद का भी समर्थन किया है। साथ ही लोगों से भारत बंद के दौरान किसान, मजदूरों के साथ खड़े होने व संघर्ष का आह्वान किया है। राहुल गांधी ने इसके पहले भी खेती संबंधी विधेयक को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि यह सरकार मजदूरों के बाद किसानों पर वार करने में लगी है। उल्लेखनीय है कि कृषि विधेयक के विरोध में कई किसान संगठनों द्वारा शुक्रवार को भारत बंद आहूत किया है।


