Betia News:- बिहार के बेतिया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिकटा बॉर्डर चौक पर पुलिस कमांडो की वर्दी पहनकर दुकानदारों से अवैध वसूली कर रहे एक फर्जी सिपाही को पुलिस ने रंगेहाथ धर दबोचा। गिरफ्तार युवक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के रखही गांव निवासी रफे आलम के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष नीतिश कुमार मौर्य ने रविवार को बताया कि चुनाव को लेकर सिकटा बाजार बॉर्डर चौक पर एएसआई सुभाष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तैनात थी।
इसी दौरान जवानों की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी, जो कमांडो वर्दी में दुकानदारों से पैसे की मांग कर रहा था।
पुलिस टीम ने जब उससे पूछताछ की, तो उसने खुद को बिहार पुलिस का जवान बताया और नकली कमांडो कार्ड दिखाने की कोशिश की।
जांच में मामला फर्जी निकला, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक कॉम्बैट वर्दी, एक खाकी वर्दी जिसमें बिहार पुलिस का बैच और नेम प्लेट लगी थी, दो बेल्ट, तीन बैरेट कैप, पिस्तौल का होल्स्टर और तीन बैंकों के एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह वर्दी पहनकर लोगों से पैसे वसूलता था और घरवालों को झूठ बोलता था कि उसकी बिहार पुलिस में नौकरी लग गई है।
वह कई दिनों से सिकटा बॉर्डर क्षेत्र में घूमकर दुकानदारों से धमकी देकर अवैध वसूली कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उसने किसी और इलाके में खुद को असली पुलिसकर्मी बताकर वसूली तो नहीं की।

