Samastipur News:- समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़मा में कूड़े के ढेर से फटी और बिना फटी हुई चुनाव संबंधी पर्चियां मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने विभिन्न दलों के प्रत्याशियों की मौजूदगी में सभी पर्चियों को विधिवत जब्त करवाया। यह स्थान सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के प्रेषण केंद्र से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए सरायरंजन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को तत्काल निलंबित करने की कार्रवाई की है।
प्रशासनिक जांच में यह स्पष्ट किया गया है कि बरामद पर्चियां कमिश्निंग के दौरान हुई मॉक पोल से संबंधित थीं, इसलिए इसका चुनाव की शुचिता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

