Araia News:– महल गांव थाना क्षेत्र के टेकनी गांव वार्ड संख्या 03 में शुक्रवार अहले सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दीनानाथ विश्वास (50) पिता दरोगी विश्वास के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि दीनानाथ गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। शुक्रवार सुबह गांव के लोगों ने घर के बगल स्थित एक गड्ढे में उनका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर महलगांव थाना पुलिस, एसडीपीओ सुशील कुमार एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में घटना को संदिग्ध मानते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा गया है।
ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि दीनानाथ की हत्या उनके ही बड़े भाई हरीशचंद विश्वास और भाभी मंजुला देवी ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर की है। बताया जाता है कि दोनों पक्षों में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
परिजनों ने यह भी दावा किया कि इसी विवाद को लेकर पहले मृतक की मां बेचनी देवी और बेटे सतीश की भी हत्या कर दी गई थी। अब दीनानाथ की मौत से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें नीतीश (16), आशा कुमारी (13) और रंजीत (10) शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

