Patna News:- बिहार के राजगीर में शुक्रवार से पुरुष एशिया हॉकी कप 2025 का भव्य आगाज होने जा रहा है। खास बात यह है कि टूर्नामेंट की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हो रही है, जिसे देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 7 सितंबर तक चलेगा। इस बार का एशिया कप 12वां संस्करण है और इसमें एशिया की शीर्ष आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें भारत, जापान, चीन, कज़ाकिस्तान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे शामिल हैं। सभी टीमें पहले ही राजगीर पहुंच चुकी हैं और उनके लिए सुरक्षा एवं आवास की सख्त व्यवस्था की गई है। मेज़बान भारतीय टीम अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर, राजगीर में ठहरी हुई है।
राजगीर में पहली बार आयोजित हो रहा यह टूर्नामेंट इसलिए भी खास महत्व रखता है, क्योंकि यह 2026 एफआईएच हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफायर का काम करेगा। ऐसे में हर मुकाबला बेहद रोमांचक और निर्णायक होगा।
अब तक हुए 11 संस्करणों में दक्षिण कोरिया सबसे सफल टीम रही है, जिसने 5 बार खिताब अपने नाम किया है। भारत ने 2003, 2007 और 2017 में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान ने 1982, 1985 और 1989 में तीन बार एशिया कप पर कब्जा जमाया है। इस बार मेज़बान भारत खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवींद्रन शंकरन ने बताया कि यह पहली बार है जब पुरुष एशिया हॉकी कप बिहार में आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है और खेल पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।
हॉकी इंडिया ने दर्शकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सभी मैचों में प्रवेश निशुल्क रहेगा ताकि अधिक से अधिक लोग स्टेडियम पहुंचें और हॉकी को करीब से देख सकें।
राजगीर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के बीच यह टूर्नामेंट राज्य में खेलों को नई पहचान देने वाला साबित हो सकता है।

