Mumbai News:- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को ड्रग तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए मुंबई के विभिन्न इलाकों में आठ ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी ड्रग तस्कर फैसल जावेद शेख और उसकी पत्नी-सहयोगी अल्फिया फैसल शेख से जुड़े ठिकानों पर की जा रही है। एजेंसी को संदेह है कि दोनों एक संगठित ड्रग सप्लाई चेन का हिस्सा हैं, जो अवैध कमाई को वैध रूप देने के लिए मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि फैसल जावेद शेख अपने सप्लायर सलीम डोला से बड़ी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग “एमडी (मेफेड्रोन)” की खरीद करता था। सलीम डोला एक कुख्यात ड्रग तस्कर माना जाता है और कई कानून प्रवर्तन एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश में हैं। जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क के तार देश के अन्य राज्यों और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैले हो सकते हैं।
हालांकि ईडी की ओर से अब तक इस कार्रवाई से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि छापेमारी के दौरान कई डिजिटल दस्तावेज, बैंक ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़ी फाइलें बरामद की गई हैं।
ईडी की यह कार्रवाई मुंबई के अलावा आसपास के उपनगरों में भी की गई, जहां इन तस्करों के ठिकाने होने की जानकारी मिली थी। जांच एजेंसी अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विश्लेषण कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग कारोबार से होने वाली अवैध कमाई कहां और कैसे निवेश की जा रही थी।

