Devgarh News:- झारखंड के देवघर में मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास मंगलवार सुबह हुए भीषण बस हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत और 24 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी गुरुवार को देवघर पहुंचे और सदर अस्पताल व एम्स में भर्ती घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना। मंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन कोष से एक-एक लाख रुपये और घायलों को बाबा मंदिर कल्याण कोष से 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके साथ ही सभी घायलों का इलाज पूरी तरह नि:शुल्क कराया जा रहा है।
डॉ. अंसारी ने अस्पतालों में इलाजरत श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एम्स और सदर अस्पताल में घायलों को सभी जांच, दवा और इलाज मुफ्त दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि घायलों में से आठ की स्थिति गंभीर है, जिनका इलाज देवघर एम्स में किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से मृतकों के शवों को उनके गृह जिले तक पहुंचाने और घायलों को उनके घर भेजने की व्यवस्था भी की जा रही है।
घटना के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. युगल किशोर चौधरी, एम्स निदेशक डॉ. सौरभ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत कई अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

