नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शनिवार को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। राजधानी के प्रमुख मार्गों, रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट और दिल्ली से सटी सीमाओं पर निगरानी रखी जा रही है।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए मंडी हाउस से जंतर-मंतर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। फिरोज शाह रोड, जनपथ गोल चक्कर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कई जगहों पर वाहनों की जांच के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर और गाजियाबाद के लोनी गोल चक्कर पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।

150 से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में लेने का दावा
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन से पहले पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कई लोगों को हिरासत में लिया है। करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की बात कही गई है।अभिजीत दीपके, आशुतोष और सौरव को हिरासत में लिए गए। राजधानी पहुंच रहे समूहों और माहौल बिगाड़ने की आशंका वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत नई दिल्ली को 20 जोन में बांटा गया है और विभिन्न स्थानों पर हिरासत केंद्र बनाए गए हैं।
अभिजीत दीपके ने कहा- गिरफ्तारी से नहीं डरता
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन से डर रही है और लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने रेल सेवाओं, मेट्रो संचालन और इंटरनेट पर कथित पाबंदियों को लेकर भी सवाल उठाए। दीपके ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का अधिकार है और संविधान का अनुच्छेद 19 अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिरासत या गिरफ्तारी की कार्रवाई से उनका आंदोलन नहीं रुकेगा।
ध्रुव राठी को हिरासत में लेने की खबर
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचने की तैयारी कर रहे यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिए जाने की खबर भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि और कार्रवाई के कारणों की जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि आवश्यक है।
संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन रोकने के लिए दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन करती है और पार्टी नेता जंतर-मंतर पहुंचेंगे।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों के बीच प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजधानी में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। सुरक्षा व्यवस्था के कारण कई मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है।


