Latehar News:- जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के टोरी रेलवे स्टेशन के पास स्थित कोयला साइडिंग पर रविवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस गोलीबारी में एक मजदूर गोपाल प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर चंदवा का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे पहले लातेहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात लगभग 12 बजे तीन से चार अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर टोरी साइडिंग पहुंचे। उस समय वहां मजदूर कोयले की लोडिंग का काम कर रहे थे। अपराधियों ने आते ही बिना किसी विवाद के फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि चार राउंड गोलीबारी की गई, जिसमें एक गोली मजदूर गोपाल प्रसाद के पैर में लग गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर मजदूरों में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाकों में अपराधियों की तलाश शुरू की।
पुलिस को आशंका है कि यह हमला रंगदारी वसूली के इरादे से किया गया हो सकता है, क्योंकि पिछले कुछ महीनों से कोयला साइडिंग इलाकों में अपराधियों द्वारा इस तरह की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। इस घटना पर लातेहार डीएसपी अरविंद कुमार ने कहा कि पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर डर का माहौल है। लोग प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग कर रहे हैं।

