Hazaribag News:- झारखंड के हजारीबाग जिले से बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है। कटकमदाग थाना क्षेत्र के सिरसी डामोडीह गांव स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) से हथियारबंद अपराधियों ने 2 लाख 52 हजार रुपये लूट लिए। घटना मंगलवार को दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना के समय सीएसपी संचालिका खेलांति कुमारी पूजा कर रही थीं। तभी दो युवक ग्राहक बनकर सेंटर में पहुंचे और पैसे निकालने की बात कही। जैसे ही संचालिका ने इन्वर्टर ऑन किया, उनमें से एक युवक ने पिस्टल निकालकर उनके सिर पर सटा दिया और मुंह दबा दिया। इसके बाद बैग में रखी नकदी उठा ली और फरार हो गए।
अपराधियों ने जाते-जाते खेलांति को जमीन पर गिरा दिया और सेंटर का शटर बाहर से बंद कर दिया। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि संचालिका और आसपास के लोग अपराधियों को पहचान भी नहीं पाए। घटना के बाद घबराई संचालिका ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के गांवों में छापेमारी शुरू कर दी गई है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपराधियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिला। लोगों ने मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित बैंकों और सीएसपी केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

