माई बहिन मान योजना’ के प्रचार में कांग्रेस का अनोखा तरीका
सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की फोटो से राजनीति गरमाई
Patna News: बिहार में अक्टूबर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस ने महिलाओं को लुभाने के लिए एक नया अभियान शुरू किया है। बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और राज्य प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने पटना के सदाकत आश्रम में ‘माई बहिन मान योजना’ के तहत सेनेटरी पैड का एक खास पैकेट लॉन्च किया, जिस पर राहुल गांधी की तस्वीर छपी हुई है।
इस अभियान के तहत कांग्रेस ने घोषणा की है कि राज्य की 5 लाख महिलाओं के बीच मुफ्त में सेनेटरी पैड बांटे जाएंगे। इन पैड्स के पैकेट पर महिला सशक्तिकरण से जुड़ी कांग्रेस की योजनाओं का विवरण भी मौजूद है, खासतौर पर “माई बहिन मान योजना”, जिसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने ₹2500 की सहायता राशि देने का वादा किया गया है।
राजेश राम ने कहा कि यह सिर्फ प्रचार नहीं बल्कि महिला स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा एक संवेदनशील अभियान है। महिला कांग्रेस इस मुहिम को और विस्तार देने की योजना पर काम कर रही है, जिससे ज्यादा से ज्यादा महिलाओं तक राहत पहुंचाई जा सके।
हालांकि कांग्रेस की इस रणनीति पर विरोधी दलों ने तंज कसना शुरू कर दिया है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की जगह कांग्रेस ने कि चुनावी लाभ के लिए महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ किया है। उन्होंने इसे “वैचारिक दरिद्रता” बताया।
वहीं भाजपा प्रवक्ता कुंतल कृष्णा ने इसे कांग्रेस का “मानसिक दिवालियापन” करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर सेनेटरी पैड बांटना है तो बांटें, लेकिन उस पर नेता की तस्वीर लगाकर खुद की ब्रांडिंग करना निंदनीय है।

