Hazaribag News:- जिले के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत बेलतू गांव में शनिवार देर शाम सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच झड़प हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार विसर्जन जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर दोनों गुटों में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से पत्थरबाजी भी की गई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर जिले के कई वरीय अधिकारी पहुंचे और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में सघन निगरानी रखी जा रही है।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि बेलतू क्षेत्र में दो संप्रदायों के बीच झड़प की सूचना मिली है। पुलिस और जिला प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना बेलतू पिकेट और बाजार ताड़ के बीच की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विसर्जन जुलूस के दौरान भड़काऊ गाने बजाए जाने से विवाद की स्थिति बनी, हालांकि विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
फिलहाल बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार के साथ चार थाना प्रभारी मौके पर मौजूद हैं और हालात को सामान्य बनाने में जुटे हुए हैं। वहीं हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

