Patna News:- लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की स्पष्ट जीत होगी और नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।
राजधानी पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग ने कहा कि जब चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है, तो मुख्यमंत्री कोई और कैसे हो सकता है? उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि अमित शाह ने सिर्फ प्रक्रिया स्पष्ट की थी— चुनाव के बाद एनडीए के सभी विधायक मिलकर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री चुनेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार में डबल इंजन की सरकार एक बार फिर बनेगी।
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) प्रमुख मुकेश सहनी को महागठबंधन की ओर से उपमुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किए जाने पर चिराग ने कहा कि यह कदम केवल राजनीतिक मजबूरी से उठाया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि महागठबंधन वास्तव में सहनी को सम्मान देना चाहता, तो यह घोषणा राहुल गांधी की मौजूदगी में पहले ही कर देता।
प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि “जो दूसरों के चुनाव जीताने की रणनीति बनाते हैं, वही खुद दो-दो मतदाता पहचान पत्र रखे हुए हैं, यह उचित नहीं है।” उन्होंने कहा, “जिनके घर शीशे के होते हैं, उन्हें दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए।”
महागठबंधन के नेताओं पर हमला जारी रखते हुए चिराग ने कहा कि आज जननायक की उपाधि पाने की होड़ मची है, लेकिन यह उपाधि जनता देती है, खुद नहीं ली जा सकती। तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिनके परिवार ने बिहार में जंगलराज की पहचान छोड़ी, वे जननायक नहीं कहलाए जा सकते।
चिराग ने कहा कि बिहार की जनता विकास और स्थिरता चाहती है, और एनडीए के नेतृत्व में राज्य एक बार फिर मजबूत सरकार बनाने जा रहा है।
