Ramgarh News:- तीन महीने से लापता युवक सोनू कुमार राम का शव आखिरकार टुकड़ों में बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने गुरुवार देर रात रामगढ़ नगर थाना क्षेत्र के शिबू कॉलोनी नेहरू रोड स्थित आरोपी के घर के पास से शव के अवशेष बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी रंजीत सिंह उर्फ नाना भाई को भी गिरफ्तार किया है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि बरामद शव तीन महीने से लापता सोनू कुमार राम का होने की आशंका है। हालांकि अंतिम पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
गौरतलब है कि सोनू रामगढ़ छावनी परिषद के स्टाफ क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहता था। वह 17 सितंबर, विश्वकर्मा पूजा के दिन से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। उसके पिता विजय राम ने थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बेटे की सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन भी किया था, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था।
पुलिस जांच के दौरान सोनू का मोबाइल का अंतिम लोकेशन शिबू कॉलोनी में रहने वाले रंजीत सिंह उर्फ नाना भाई के घर के पास मिला था। इसके आधार पर पुलिस कई दिनों से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुई थी। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी पुलिस को उस स्थान पर भी ले गया, जहां सोनू की हत्या कर उसके शव के टुकड़े अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए थे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि हत्या की वजह अवैध संबंध हो सकती है। हालांकि पुलिस आरोपी और उसके परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पहचान और हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

