भागलपुर।
आगामी 23 अक्टूबर को हवाई अड्डा परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होने वाली चुनावी सभा को लेकर बिहार भाजपा चुनाव प्रभारी सह महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को हवाई अड्डा का जायजा लिया। साथ ही वहां सभा को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी लिया। मौके पर प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर का फायदा बिहार के चुनाव में भाजपा के साथ-साथ जदयू को मिलेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए के शासनकाल के दौरान राज्य के अंदर ना सिर्फ विकास हुआ है बल्कि लोगों को भयमुक्त भी किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व राजद की सरकारों ने बिहार को बीमारू राज्य बना दिया था। लेकिन एनडीए की सरकार ने एक बार फिर बिहार को विकास के रास्ते पर ले आया है।



