Katihar News:- बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब तस्करी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटिहार जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान एक चारपहिया वाहन से 78 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान 24 वर्षीय सुरजीत कुमार के रूप में हुई है। वह कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दिरा चाॅदपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की खेप वाहन से ले जाई जा रही है। इसके बाद मनिया रेलवे ओवरब्रिज के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोका गया।
जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें से 78 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल वाहन चालक सुरजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को जब्त कर लिया। बरामदगी में एक चारपहिया वाहन और विदेशी शराब की बोतलें शामिल हैं।
मुफ्फसिल थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसका आगे क्या इस्तेमाल होने वाला था। साथ ही तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।
कटिहार पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जिले में लगातार इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे ताकि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जा सके।

