Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले में बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भाकपा (माओवादी) संगठन से जुड़े दो सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बेंगाबाद थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान बिहार के जमुई जिले के रहने वाले पंकज यादव और कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के पवन सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतवाहन उरांव ने सोमवार को इस गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं और इनके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस को इनकी तलाश काफी समय से थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों नक्सलियों के खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना में नक्सली घटना से संबंधित केस दर्ज है। इसके अलावा जमुई, चकाई, चरकापत्थर और चंद्रदीप थाना क्षेत्रों में भी इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। वहीं झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड और कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में भी इनकी गतिविधियों को लेकर केस दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपित पहले चरकापत्थर थाना क्षेत्र के एक मामले में जेल जा चुके थे और हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे। इसके बाद से ही बिहार पुलिस और एसटीएफ की टीम इनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
पुलिस की दबिश से बचने के लिए दोनों नक्सली गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत के मंझलाटोल गांव में छिपकर रह रहे थे। इसी दौरान पटना एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि दोनों नक्सली यहां मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में पटना एसटीएफ की टीम बेंगाबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से मंझलाटोल गांव की घेराबंदी कर दी। तलाशी अभियान के दौरान दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद बिहार एसटीएफ की टीम दोनों आरोपितों को अपने साथ ले गई है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है, ताकि नक्सली नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

