Bihar News :
सारण/भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने सारण जिले के सोनपुर क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया। कुल्लू-मनाली की यात्रा से लौट रहे चार लोगों की दर्दनाक मौत के बाद रविवार देर शाम जब उनके शव सोनपुर पहुंचे तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। हरपुरनंद गांव और शिक्षक कॉलोनी में चीख-पुकार के बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जिन घरों में कुछ महीने पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अब एक साथ चार अर्थियां उठने की तैयारी ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के अनुसार, हरपुरनंद गांव निवासी प्रकाश सिंह उर्फ विकास (32) अपनी पत्नी पल्लवी सिंह (28), फुफेरे भाई सौरभ कुमार (24) और गौरव कुमार (26) के साथ स्कॉर्पियो से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली से लौट रहे थे। नोएडा होते हुए घर वापस आने के दौरान भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र स्थित अमराई नवादा के पास उनकी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक तेल टैंकर के पीछे जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर बिहिया थाना पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को वाहन से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू नवविवाहित दंपति की मौत है। प्रकाश सिंह और पल्लवी सिंह की शादी इसी वर्ष 22 फरवरी 2026 को हुई थी। शादी के महज चार महीने बाद ही दोनों की जिंदगी एक दर्दनाक सड़क हादसे में खत्म हो गई। प्रकाश सिंह देवघर में एक निजी दूरसंचार कंपनी जियो में कार्यरत थे और हादसे के समय स्वयं वाहन चला रहे थे। परिवार के अनुसार दोनों भविष्य को लेकर कई सपने संजोए हुए थे, जो एक पल में टूट गए।
रविवार शाम एम्बुलेंस से जैसे ही चारों शव सोनपुर पहुंचे, बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के मुताबिक, सौरभ कुमार और गौरव कुमार का अंतिम संस्कार रविवार देर शाम सोनपुर के कालीघाट श्मशान घाट पर किया गया, जबकि प्रकाश सिंह और पल्लवी सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके पैतृक गांव हरपुरनंद में होगा।
यह हादसा चार परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति बनकर सामने आया है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।


