Bihar News : बिहारशरीफ: नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र स्थित अड्डापर मोहल्ले में सोमवार सुबह पंचाने नदी पर बने पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान निरंजन चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे दुर्घटना मानकर जांच कर रही है। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सोहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
मृतक की पत्नी ने बताया कि रविवार देर रात निरंजन चौधरी काम खत्म कर घर लौटे थे। घर में कुछ सामान रखने के बाद उन्होंने थोड़ी देर में वापस आने की बात कही और फिर घर से निकल गए। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजन पंचाने नदी पुल के नीचे भी खोजबीन करने पहुंचे, लेकिन उस समय उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह उसी स्थान पर उनका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का आरोप है कि निरंजन के शरीर पर कई चोटों के निशान हैं। उनका कहना है कि बदमाशों ने पहले चाकू मारकर उनकी हत्या की और बाद में शव को पुल के नीचे फेंक दिया। घटनास्थल के पास एक चाकू मिलने की भी चर्चा है, जिससे परिवार का संदेह और गहरा गया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत नहीं हो रहा है। पुलिस के अनुसार, निरंजन चौधरी नशे के आदी थे और आशंका है कि रविवार देर रात वह नशे की हालत में पुल पर बैठे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। तब तक मामले में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।


