Bankipur Assembly election: बिहार की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। जन सुराज के संस्थापक एवं पार्टी प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के अंतिम रोड शो और शक्ति प्रदर्शन से राजधानी पटना का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया।
जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने नामांकन से पहले अपने समर्थकों के साथ भव्य रोड शो निकाला। हाथों में जन सुराज के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। इस दौरान प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह केवल उनका नामांकन नहीं, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक तस्वीर का नामांकन है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता पारंपरिक राजनीति से बदलाव चाहती है और जन सुराज उसी बदलाव का मजबूत विकल्प बनकर उभरा है।
नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने सारण जिले के सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान हरिहरनाथ का आशीर्वाद लेकर बिहार में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास भी उनके साथ मौजूद रहीं।
नामांकन के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब जन सुराज और भाजपा के रोड शो एक ही मार्ग पर पहुंच गए। दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और दोनों दलों का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार की प्रतिष्ठित चुनावी लड़ाइयों में गिना जा रहा है। प्रमुख राजनीतिक दलों ने इस सीट पर पूरी ताकत लगा दी है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी उम्मीदवार चुनाव प्रचार को और तेज करेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले पर टिकी हुई है, जहां आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और अधिक तेज होने की संभावना है।


