Ranchi News:- झारखंड के देवघर जिले में सड़क हादसे में मारे गए कांवरियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार समुदाय विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।
बाबूलाल ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि कांवरियों की मौत पर सरकार ने महज एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि घोषित की, जबकि हाल ही में रामगढ़ में हुई एक अन्य मौत के मामले में तीन लाख रुपये मुआवजा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि रामगढ़ के आफताब अंसारी की मौत को लेकर सरकार ने मॉब लिंचिंग का मुद्दा बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है।
मरांडी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह साफ संकेत है कि हेमंत सरकार का हर फैसला वोट बैंक को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री ने बिना सच्चाई जाने तीन लाख मुआवजे की घोषणा कर दी। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्रद्धालुओं की सेवा में लगे कांवरियों की मौत पर सरकार इतनी उदासीनता दिखा रही है।
मरांडी ने सवाल किया कि क्या एक कांवरिया की जान की कीमत सिर्फ एक लाख रुपये है? उन्होंने सरकार से समान मापदंड अपनाने और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की मांग की है।

