Bihar News : औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत कासमा थाना क्षेत्र के अरथुआ गांव में सोमवार अहले सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप स्थित धावा नदी में एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ छलांग लगा दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान अरथुआ गांव निवासी पिंटू चंद्रवंशी की 30 वर्षीय पत्नी सोनी देवी, उनकी 3 वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी तथा 18 माह की पुत्री रानी कुमारी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना दिए जाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
रफीगंज अंचल अधिकारी भारतेंदु सिंह एवं कासमा थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर तीनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतका की फुआ कुसमी देवी ने बताया कि सोनी देवी ने वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ही पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना की शिकायतें सामने आती रही थीं। परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद सोनी देवी ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
कासमा थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति से अनबन के कारण महिला द्वारा अपनी दोनों बच्चियों के साथ नदी में कूदकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि धावा नदी में लगातार अवैध उत्खनन के कारण कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे डूबने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इसी स्थान पर तीन लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है।
विधायक ने प्रशासन से नदी की गहराई कम करने और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं अंचल अधिकारी भारतेंदु सिंह ने बताया कि धावा नदी में अवैध उत्खनन की शिकायतों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।


