Araria News: जिले के जोकीहाट प्रखंड की चौकता पंचायत का एक वार्ड सदस्य कथित तौर पर जाली नोट के कारोबार से जुड़ा मिला है। महलगांव थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 36 वर्षीय मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल को 2.17 लाख रुपये के जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 500 रुपये के कुल 434 नकली नोट बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने मंगलवार शाम अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महलगांव थाना क्षेत्र के इसरवा गांव में जाली नोट का कारोबार चल रहा है। सूचना में चौकता पंचायत के वार्ड सदस्य मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल के इस नेटवर्क को संचालित करने में कथित रूप से शामिल होने की बात सामने आई थी।

सूचना के आधार पर महलगांव थाना पुलिस ने बरढेंगा गांव स्थित पनाउल्लाह के कामत पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कामत से 500 रुपये के 434 जाली नोट बरामद किए गए। बरामद नोटों की कुल अंकित राशि 2,17,000 रुपये बताई गई है।
एसपी ने बताया कि मामले में महलगांव थाना में कांड संख्या 194/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस जाली नोट के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की पड़ताल कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि जाली नोट पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जाली नोट की आपूर्ति कौन कर रहा था और इसे किन इलाकों में खपाने की योजना थी।
एसपी जितेंद्र कुमार ने यह भी बताया कि मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल का पूर्व में भी आपराधिक मामला सामने आ चुका है। चोरी के सामान की बरामदगी से जुड़े मामले में वह पहले जेल जा चुका है। इस संबंध में महलगांव थाना में पहले से कांड दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है।
एसपी ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम की सराहना की और टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और अवार्ड देकर सम्मानित करने की बात कही। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार, एसआई रोमा कुमारी, एएसआई प्रेम कुमार, सिपाही रंजीत कुमार और होमगार्ड जवान सदानंद यादव शामिल थे।


