Purnia News:- पूर्णिया जिले के अमौर विधानसभा क्षेत्र के बैसा प्रखंड अंतर्गत मजगामा पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर में शुक्रवार सुबह असामाजिक तत्वों ने मां दुर्गा की प्रतिमा को नष्ट कर दिया। यह घटना सुबह 5 से 6 बजे के बीच हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिमा को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के सैकड़ों लोग मंदिर परिसर में जुट गए और आक्रोश जताने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना सुनियोजित थी और इसमें कई बाहरी लोग शामिल थे। आरोप है कि ये लोग पास के चिलाना गांव में ठहरे हुए थे और वहीं से योजना बनाकर प्रतिमा तोड़फोड़ की गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। एक युवक को हिरासत में लिया गया है और उसे मजगामा पंचायत भवन में रखा गया है। घटनास्थल पर अनगढ़ थाना और रौटा थाना की पुलिस सबसे पहले पहुंची, जिसके बाद सात अलग-अलग थानों की अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुला ली गई।
तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम और एसडीओ खुद घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। पुलिस लगातार ग्रामीणों से संवाद कर रही है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक भावनाओं से जुड़ी इस घटना ने उन्हें गहराई से आहत किया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के गांवों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि इस घटना में शामिल सभी लोगों तक पहुंचा जा सके।

