Purnia News:- बिहार के पूर्णिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बहन के प्रेम संबंध से नाराज़ एक भाई ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर अपनी ही बहन की हत्या कर दी। यह घटना मधुबनी थाना क्षेत्र के मधुबनी बाजार इलाके की है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। मृतका की पहचान 27 वर्षीय छोटी कुमारी केसरी के रूप में हुई है, जो सुधीर केसरी की बेटी थी और ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थी। जानकारी के अनुसार, छोटी कुमारी पिछले ढाई साल से पिता के परिचित के बेटे के साथ प्रेम संबंध में थी। इस रिश्ते को लेकर परिवार में कई बार विवाद हो चुका था। लड़की दो बार घर से भाग भी चुकी थी, जिसके कारण परिवार में तनाव और बढ़ गया था।
रविवार की शाम घटना उस समय हुई जब मां रसोई में खाना बना रही थीं और पिता बाजार से समोसे लेने गए थे। इसी बीच आरोपी भाई ने घर में रखी पिस्टल उठाई और बहन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। एक गोली हाथ को चीरते हुए सीने में जा लगी, जबकि दूसरी गोली पीठ में धंस गई। गोली लगते ही छोटी कुमारी लहूलुहान होकर गिर पड़ी। आरोपी पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
मां जब तक पहुंचीं, तब तक बेटी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। पिता के लौटने पर उसे तुरंत जीएमसीएच पूर्णिया ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन सदमे में हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इसे पारिवारिक विवाद से उपजा दर्दनाक अंजाम बता रहे हैं।

