Katihar News:- बिहार के कटिहार जिले में रविवार को धर्मांतरण के आरोप को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सहायक थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या एक, दूरदर्शन टावर मोहल्ले में आयोजित एक क्रिश्चियन प्रार्थना सभा को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने बीच में ही रोक दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हिंदू बहुल इस मोहल्ले में पिछले कई महीनों से संथाली और आदिवासी समुदाय के परिवारों को निशाना बनाकर धार्मिक परिवर्तन की कोशिश की जा रही थी। उनका आरोप है कि प्रार्थना सभा के बहाने इन परिवारों का ब्रेनवॉश कर उन्हें क्रिश्चियन धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि यहां लंबे समय से ऐसी गतिविधियां चल रही हैं, जो हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ है। घटना के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस और नारेबाजी भी हुई।
वहीं, प्रार्थना सभा स्थल पर मौजूद गुंजिया उरांव, राजों उरांव और सरिता उरांव नाम की महिलाओं ने इन आरोपों से इंकार किया। उन्होंने कहा कि यह महज प्रभु यीशु के प्रति उनकी आस्था से जुड़ी धार्मिक प्रार्थना थी, और इसमें किसी प्रकार का धर्मांतरण नहीं किया जा रहा था। उनका कहना है कि वे पहले से ही क्रिश्चियन धर्म से जुड़ी हैं और सिर्फ सामूहिक प्रार्थना कर रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही सहायक थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। माहौल में तनाव को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन छह लोगों को हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपों की सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल, क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। इस घटना ने इलाके में धर्मांतरण और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर बहस को एक बार फिर गर्मा दिया है।

