Saran News:- विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला इस बार अपनी पारंपरिक और सांस्कृतिक भव्यता के साथ और भी खास बन गया है। मेले में स्थानीय कलाकार अशोक कुमार द्वारा बनाई गई एक अनोखी सैंड आर्ट कला प्रेमियों और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। यह शानदार कलाकृति अंग्रेजी बाजार स्थित जिलाधिकारी आवास के पास प्रदर्शित की गई है, जहां लोग लगातार इसे देखने पहुंच रहे हैं।
कलाकार की इस बालू कलाकृति का विषय हिंदू पौराणिक कथा ‘गज-ग्राह’ की लड़ाई पर आधारित है। इसमें उस दिव्य क्षण को बेहद सुंदरता से उकेरा गया है, जब भगवान विष्णु सुदर्शन चक्र से मगरमच्छ का वध कर हाथी (गज) को उसके क्लेश से मुक्त करते हैं। कला, भक्ति और पौराणिक सौंदर्य का ऐसा संगम देखने के लिए लोग इस कलाकृति के सामने देर तक रुक रहे हैं।
इस सैंड आर्ट में कलाकार ने न केवल पौराणिक प्रसंग को जीवंत किया है, बल्कि सोनपुर मेले की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े कई प्रतीक भी शामिल किए हैं। कलाकृति में घोड़ा और बैल जैसे पशुओं की आकृतियाँ दर्शाई गई हैं, जो इस प्राचीन पशु मेले की पुरातन परंपरा का संकेत देती हैं। इसके साथ ही बिहार का एक आकर्षक मानचित्र भी बनाया गया है, जिसमें सोनपुर का स्थान स्पष्ट रूप से चिह्नित है।
मेले के प्रचार-प्रसार और प्रशासनिक पहचान को दर्शाने के लिए इस सैंड आर्ट में जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग तथा बिहार सरकार के सोनपुर मेला प्रतीक चिन्ह को भी बेहद सुंदरता से उकेरा गया है। कलाकार अशोक कुमार ने बताया कि इस कलाकृति को बनाने में स्थानीय युवा कलाकार सोनू कुमार ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। यह सैंड आर्ट न केवल मेले की शोभा बढ़ा रही है, बल्कि स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को एक बड़ा मंच भी प्रदान कर रही है।
दर्शक इस अद्भुत सैंड आर्ट के सामने फोटो लेते हुए इसकी प्रशंसा करते नहीं थक रहे हैं। मेले में आने वाले आगंतुकों के लिए यह कलाकृति एक विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई है।

