Patna/Khagaria News:- बिहार में सरकारी प्रमाण पत्र प्रणाली का लगातार मजाक उड़ाया जा रहा है। पहले पटना में “डॉग बाबू”, फिर नवादा में “डॉगेश बाबू” के नाम से आवेदन की खबरें सामने आईं। अब खगड़िया और गोगरी अंचल में और भी अजीबोगरीब मामले उजागर हुए हैं, जिससे सरकारी तंत्र सकते में आ गया है। खगड़िया सदर अंचल से मिली जानकारी के अनुसार, एक ऑनलाइन आवेदन “कौआ सिंह” नाम से आया, जिसमें पिता का नाम “कौआ सिंह” और मां का नाम “मैना देवी” दर्ज है। वहीं एक अन्य आवेदन में पेंग्विन पक्षी की तस्वीर लगाकर प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया है। इतना ही नहीं, पिंकी कुमारी नाम से भी एक संदेहास्पद आवेदन खगड़िया नगर परिषद के सन्हौली से प्राप्त हुआ है।
अंचलाधिकारी मु. आमिर ने बताया कि इन सभी फर्जी आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया गया है। आरओ शंभु कुमार के आवेदन पर चित्रगुप्तनगर थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष सिंटू कुमार के अनुसार, मामले की जांच जारी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
गोगरी अंचल में भी 22 जून और 25 जुलाई को E Sanjak, Uim Bhgvb, Bbh जैसे अपठनीय नामों से आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनके माता-पिता के नाम भी अपठनीय और स्पष्ट नहीं हैं।
गोगरी सीओ दीपक कुमार ने कहा कि ये आवेदन शरारती तत्वों द्वारा सरकार की छवि धूमिल करने की मंशा से किए गए हैं। उन्होंने गोगरी थाना में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। एसडीपीओ रमेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह पूरा मामला RTPS पोर्टल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

