बेगूसराय।

साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या (एनएच-31) पर एक ऑटो ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक में टक्कर मार दी। घटना में ऑटो चालक सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकी पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना शुक्रवार दोपहर की है। घटना में मारे गए लोगों में साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी निवासी आशिक महतों के पुत्र देवेंद्र महतों, शंभू महतों की पत्नी उषा देवी, जोगिंदर महतों की पत्नी विभा कुमारी तथा लूचो पासवान के पुत्र टेंपो ड्राइवर मनोज पासवान के नाम शामिल है। जबकि डीलर शैलेंद्र कुमार की पत्नी उषा देवी, देवेंद्र महतों की पुत्री गुड्डी कुमारी, संजीत महतों के पुत्र मानस कुमार एवं भोला महतों की पत्नी उषा देवी बुरी तरह से घायल हैं। घटना के बादआसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सभी को निकलवा कर साहेबपुर कमाल पीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने चारों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी अनुसार घटना में मारे गए लोग चौकी गांव से एक ऑटो रिजर्व कर शुक्रवार को खगड़िया जिला के सिद्ध शक्तिपीठ मां कात्यायनी स्थान (माय थान) पूजा-अर्चना के लिए गए थे। पूजा करने के बाद दोपहर में सभी लोग लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-31 पर रघुनाथपुर के समीप अनियंत्रित टेंपो ने पहले से खड़ी ट्रक में तेज गति से टक्कर मार दी। जिसमें तीन लोगों देवेंद्र महतों, उषा देवी एवं जोगिंदर महतों की पत्नी विभा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, ऑटो ड्राइवर मनोज पासवान की इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, एक साथ चार लोगों की हुई मौत से गांव में मातम पसर गया है तथा बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए हैं।