बेगूसराय।
बेखौफ अपराधियों ने मंगलवार की रात छापेमारी करने गई पुलिस पर हमला कर दिया, जिसमें 2 सिपाही व एक चौकीदार घायल हो गया। हमले के दौरान अपराधियों ने हथियार के साथ गिरफ्तार एक अपराधी को भी छुड़ा लिया है। हालांकि बाद में पुलिस ने खदेड़ कर एक हमलवार को गिरफ्तार भी कर लिया है। घटना मटिहानी थाना क्षेत्र के खोरमपुर गांव की है।

घटना की जानकारी देते हुए मटिहानी थाना प्रभारी परशुराम सिंह ने बताया कि एक आर्म्स एक्ट का आरोपी अशोक यादव के अपराधियों के साथ छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी करने पहुॅची थी। छापेमारी में वांछित अशोक यादव हथियार के साथ गिरफ्तार भी कर लिया। गिरफ्तार अपराधी को लेकर पुलिस आगे बढ़ी थी कि अन्य अपराधियों ने स्थानीय महिला पुरुष को साथ लेकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पुलिस जवान मुकेश सिंह और संतोष कुमार व चौकीदार घायल हो गए। हमले के बाद अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन खदेड़ कर एक को गिरफ्तार कर लिया गया।
हमलावरो की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। इधर पुलिस की संभावित कार्रवाई को लेकर गांव में दहशत है। लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। लोगों का यह कहना है कि अपराधियों को पकड़ने के लिए पकड़ने के बहाने पुलिस घर में घुसकर बदतमीजी कर रही हैं।