बेगूसराय।
जहरीली शराब के सेवन से जिले के बखरी थाना क्षेत्र में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि चार युवक बीमार हो गए। मृतकों में गोढ़ियारी मोहल्ला निवासी राजकुमार साहनी व सकलदेव चौधरी है। वही बीमार ग्रस्त युवकों में बिरजू सहनी की हालत गंभीर है। मौत की सूचना पर प्रशासनिक महकमे में हड़कंप है। पुलिस ने बुधवार को दोनों युवकों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

जानकारी अनुसार होली की शाम सोमवार की गोढ़ियारी एवं पासवान मोहल्ले के छह युवकों ने एक साथ अंग्रेजी शराब पिया था। दूसरे दिन सभी की हालत गंभीर हो गई। उल्टी व दस्त और पेट दर्द से परेशान सभी युवकों की निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। इसमें राजकुमार साहनी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं सकलदेव को बेगूसराय रेफर कर दिया गया।लेकिन उसकी भी मौत बेगूसराय ले जाने के क्रम में हो गई। बुधवार को परिजन सकलदेव के शव को दाह संस्कार के लिए ले गए।
घटना की सूचना पर बखरी एसडीओ अशोक कुमार व डीएसपी ओम प्रकाश व बीडीओ अमित कुमार पांडेय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने श्मशान घाट से सकलदेव का शव बरामद किया है। इसके बाद दाह संस्कार के लिए ले जाए जा रहे राजकुमार के शव को रास्ते से बरामद किया गया। डीएम अरविंद कुमार वर्मा व एसपी अवकाश कुमार ने घटना की जानकारी लेते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी चल रही है।