Palamu News: जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में 22 अगस्त 2025 को बरामद अज्ञात शव को झारखंड पुलिस के जवान विजय उरांव का समझकर उनके परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था। लेकिन अब फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की डीएनए जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बरामद शव विजय उरांव का नहीं, बल्कि सतबरवा थाना क्षेत्र के कमरू गांव निवासी सुदामा भूइयां का था। इस खुलासे के बाद विजय उरांव के लापता होने का रहस्य और गहरा गया है। जिसने पुलिस की शुरुआती जांच और शव की पहचान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने शनिवार को बताया कि एफएसएल की डीएनए जांच रिपोर्ट पलामू पुलिस को मिल गई है। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि बरामद शव सुदामा भूइयां का था। अब रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले की आगे की जांच करेगी।

दो परिवारों ने किया था शव पर दावा
दरअसल, 22 अगस्त को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात शव बरामद हुआ था। इसके बाद विजय उरांव के परिजनों ने शव की पहचान उनके रूप में की थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद परिजनों ने हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कर दिया। कुछ समय बाद सतबरवा थाना क्षेत्र के कमरू गांव निवासी मंजू देवी थाने पहुंचीं और दावा किया कि बरामद शव उनके लापता पति सुदामा भूइयां का है। दो परिवारों के अलग-अलग दावों के बाद पुलिस के सामने शव की वास्तविक पहचान करने की चुनौती खड़ी हो गई। इसके बाद वैज्ञानिक तरीके से पहचान कराने का निर्णय लिया गया।
डीएनए जांच के लिए भेजे गए थे नमूने
सितंबर 2025 में पुलिस ने पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गए विसरा और दोनों परिवारों के डीएनए नमूने जांच के लिए एफएसएल भेजे थे। अब रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो गया है कि शव सुदामा भूइयां का था।
श्रावणी मेले में ड्यूटी के दौरान लापता हुए थे विजय
झारखंड पुलिस के जवान विजय उरांव मुसाबनी में पदस्थापित थे। अगस्त 2025 में उनकी ड्यूटी देवघर के श्रावणी मेले में लगाई गई थी। इसी दौरान 8 अगस्त को वह रेलवे स्टेशन से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। इसके बाद परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। दूसरी ओर, कमरू गांव निवासी सुदामा भूइयां 19 अगस्त 2025 से लापता थे। उनकी पत्नी मंजू देवी ने सतबरवा थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी।
परिजनों की बढ़ी चिंता, तलाश तेज करने की मांग
डीएनए रिपोर्ट में शव की पहचान सुदामा भूइयां के रूप में होने के बाद विजय उरांव के परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिजनों के अनुसार, गलत पहचान के कारण उन्हें सरकारी नियमों के तहत मिलने वाला मुआवजा और अन्य राहत राशि भी अब तक नहीं मिल सकी है।
परिजनों ने बताया कि वे जल्द ही पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और विजय उरांव की तलाश तेज करने के साथ उनकी सकुशल बरामदगी की मांग करेंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर विजय उरांव कहां हैं और उनके लापता होने के पीछे क्या वजह है?


