Patna News: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी हार स्वीकार करने के बजाय लगातार निर्वाचन आयोग, ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अविश्वास का माहौल बना रहा है। इंडी गठबंधन लोकतंत्र की मजबूती के बजाय अराजकता को बढ़ावा दे रहा है।
अनुराग ठाकुर शनिवार को बिहार के आरा में भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बाद बिहार और केरल सहित कई राज्यों में चुनाव हुए हैं। कांग्रेस यदि ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है तो उसे उन राज्यों के चुनाव परिणामों पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए, जहां उसकी सरकारें हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के प्रभाव में आकर देश की लोकतांत्रिक और राष्ट्रीय संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। ठाकुर ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार छीनना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। विपक्ष का इसे वोट चोरी बताना तथ्यों से परे है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह वोट चोरी नहीं, बल्कि चोरों को वोट मिलना बंद हो गया है।
13 करोड़ मतदाताओं के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप
भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि एसआईआर के तीन चरणों में लगभग 95.40 करोड़ मतदाताओं के रिकॉर्ड की समीक्षा की गई। इनमें 13.39 करोड़ मतदाताओं को एएसडीडी और अन्य श्रेणियों में चिह्नित किया गया।
उन्होंने कहा कि मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से निवास बदल चुके लोगों, अनुपस्थित मतदाताओं और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों का सत्यापन निर्वाचन प्रक्रिया का जरूरी हिस्सा है। ऐसे मामलों में मतदाता सूची को अपडेट करना आवश्यक है।
भारतीय अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी को घेरा
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी की राजनीति पर निशाना साधते हुए विदेशी धन और विदेशी ताकतों के सहारे देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताना भारत की आर्थिक उपलब्धियों को नजरअंदाज करने जैसा है।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान मजबूत हुई है और पूरी दुनिया की उम्मीदें भारत से जुड़ी हैं। ऐसे में देश की आर्थिक प्रगति पर नकारात्मक टिप्पणी करना उचित नहीं है।
महिला आरक्षण पर भी विपक्ष को घेरा
भाजपा सांसद ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी इंडी गठबंधन को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अपने परिवार की महिलाओं को राजनीति में अवसर देते हैं, लेकिन जब देश की आम महिलाओं को अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की बात आती है तो अलग-अलग बहाने बनाए जाते हैं।
प्रियंका गांधी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस में उनकी स्थिति पर सवाल उठाया। वहीं, तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जो अपनी बहन को उसका हक नहीं दिला पाए, वे देश की अन्य बहन-बेटियों के अधिकारों की बात कैसे करेंगे?


