ग्रामीणों ने भारत-नेपाल बॉर्डर रोड किया जाम; पुलिस वाहन और दो बाइक में लगाई आग
Araria News: जिले के बसमतिया थाना क्षेत्र की बेला पंचायत अंतर्गत भैरोगंज में सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने भारत-नेपाल बॉर्डर रोड जाम कर दिया और कार चालक को बंधक बना लिया। स्थिति नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस दौरान पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के एक वाहन और दो बाइक को आग के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बीती रात एक कार की चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने कार चालक रामकुमार मेहता को पकड़कर बंधक बना लिया। घटना की सूचना मिलने पर बसमतिया थाना पुलिस और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर चालक को मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा।
देखते ही देखते पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प शुरू हो गई। उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। झड़प में घूरना थाना के डायल 112 वाहन के चालक अजीत कुमार को गंभीर चोट लगी। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल जिले के वीरपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का भी इलाज कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी जितेंद्र कुमार, फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद समेत कई थानों की पुलिस और भारी संख्या में पुलिस बल देर रात घटनास्थल पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को बंधक बना लिया था और सड़क जाम कर दिया था। सूचना पर बसमतिया और घूरना थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर चालक को मुक्त कराया। इसी दौरान गांव की कुछ महिलाएं उग्र हो गईं और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
एसपी ने बताया कि भीड़ ने पुलिस वाहन में आग लगा दी थी, जिसे अग्निशमन दल की मदद से बुझाया गया। फिलहाल इलाके में विधि-व्यवस्था सामान्य है। पुलिस पर हमले और आगजनी के मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


