स्कूलों में मैथिली की किताबें होंगी प्रकाशित, शिक्षकों की भी होगी नियुक्ति; दरभंगा में 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह में की घोषणा
Darbhanga News: बिहार के प्राथमिक विद्यालयों में अब मैथिली भाषा की पढ़ाई का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। राज्य सरकार प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में मैथिली को शामिल करने जा रही है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को घोषणा की कि इससे संबंधित अधिसूचना एक सप्ताह के भीतर जारी कर दी जाएगी। विद्यालयों में मैथिली भाषा की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने के साथ शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।

वे डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के तीसरे दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का उद्घाटन शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता और संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. लक्ष्मीनिवास पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मैथिली मिथिला की पहचान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नई व्यवस्था लागू होने से प्राथमिक स्तर के बच्चों को अपनी मातृभाषा में पढ़ने और सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए भी प्रयास कर रही है।
दरभंगा में स्थापित होगा गुरुकुल विद्यापीठ
शिक्षा मंत्री ने दरभंगा में गुरुकुल विद्यापीठ की स्थापना करने की भी घोषणा की। यहां नर्सरी से लेकर शोध स्तर तक संस्कृत की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि मिथिला की भाषा, संस्कृति और परंपराएं देश की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
विद्यापति के नाम पर एयरपोर्ट करने का स्वागत
पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने अशोक पेपर मिल के भविष्य को लेकर भी जल्द निर्णय लेने की बात कही। वहीं, राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि महाकवि विद्यापति मिथिला की गौरवशाली पहचान हैं। उनकी स्मृति में लगातार 54 वर्षों से मिथिला विभूति पर्व का आयोजन होना सराहनीय सांस्कृतिक पहल है।
कई विभूतियों को मिला मिथिला विभूति सम्मान
समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित वरिष्ठ अधिवक्ता शंभुनाथ झा, प्रो. दिनेश झा, केशव कुमार चौधरी, डॉ. संजीव कुमार चौधरी और लोक गायिका जूली झा को मिथिला विभूति सम्मान से सम्मानित किया गया।
अतिथियों का स्वागत विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’ ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन पं. कमलाकांत झा ने किया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मिथिला की लोक परंपरा, भाषा और कला की झलक देखने को मिली।


