Jamshedpur News: जिले के सोनारी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सर्किट हाउस इलाके में हुआ, जहां सड़क के ऊपर से गुजर रहा इंटरनेट केबल बाइक सवार की गर्दन में फंस गया। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। दुर्घटना में दोनों मृतकों की गर्दन पर तार से कटने के गहरे जख्म मिले हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एक ही बुलेट पर सवार होकर जा रहे थे तीनों

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बुलेट बाइक पर सवार होकर टाटानगर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सर्किट हाउस क्षेत्र में सड़क के ऊपर लगा इंटरनेट केबल उनकी बाइक की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि तार बाइक चला रहे युवक की गर्दन में फंस गया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में ब्रजेश सिंह और कृष्णा पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक गौरव पांडेय की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतकों में जदयू कार्यकर्ता का पुत्र भी शामिल
मृतकों की पहचान सोनारी निवासी जदयू कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह के छोटे पुत्र ब्रजेश सिंह और गणेश पांडे के पुत्र कृष्णा पांडे के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल युवक की पहचान गणेश पांडे के दामाद गौरव पांडेय के रूप में की गई है।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। दो युवकों की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार से जुड़े दो युवकों की मौत और एक अन्य सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव का पंचनामा तैयार कर मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया। पुलिस सड़क के ऊपर लगे इंटरनेट केबल की स्थिति, उसकी ऊंचाई और दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना ने सड़क के ऊपर लटक रहे इंटरनेट और अन्य केबलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


