सतगावां में वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई महिंद्रा XUV500, बिहार ले जाई जा रही थी शराब; जब्त शराब की कीमत 1.13 लाख रुपये से अधिक
Koderma News: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोडरमा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सतगावां थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान महिंद्रा XUV500 से 167.400 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को जब्त कर लिया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 13 हजार 850 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि महिंद्रा XUV500 (रजिस्ट्रेशन नंबर JH10AH0063) में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर सतगावां के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने सतगावां थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिहार जाने वाले रास्ते पर सतबहना के पास सघन वाहन जांच शुरू कर दी।
पुलिस को देखकर भागने लगा चालक
वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 तेज रफ्तार से सतबहना रोड की ओर आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी को दाएं-बाएं भगाकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से रास्ते को अवरुद्ध कर वाहन को रोक लिया गया।
इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से ऑफिसर चॉइस ब्रांड की 180 एमएल की 630 बोतल और रॉयल स्टैग ब्रांड की 750 एमएल की 72 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। दोनों ब्रांड की कुल 702 बोतलों में 167.400 लीटर शराब मिली।
समस्तीपुर का रहने वाला है गिरफ्तार चालक
पुलिस ने गिरफ्तार चालक की पहचान शिवकुमार राय के रूप में की है। वह समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर समथू गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, शराब के संबंध में पूछताछ करने पर चालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही शराब से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत कर पाया।
इसके बाद पुलिस ने शराब और महिंद्रा XUV500 को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में सतगावां थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275 और 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में सतगावां थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक बब्लू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विशाल सिंह, सहायक अवर निरीक्षक शरण टोपनो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



