Palamu News: जिले में लेवी वसूली के लिए बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश पुलिस ने नाकाम कर दी है। नेशनल हाईवे निर्माण स्थल पर फायरिंग की योजना बना रहे राहुल दुबे गैंग के चार अपराधियों को चैनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
चारों आरोपितों की गिरफ्तारी मंगलवार देर रात मंगरदाहा घाटी के कचड़ा डिपो के पास से हुई। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मोहम्मद सैफ, शाहिद खलीफा और युसुफ अंसारी के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
एसपी कपिल चौधरी ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने पुलिस बल के साथ कचड़ा डिपो के पास घेराबंदी की और चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
नेशनल हाईवे निर्माण साइट पर फायरिंग की थी योजना
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित सतबरवा थाना क्षेत्र के लहलहे स्थित नेशनल हाईवे निर्माण साइट पर लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे। इसके लिए निर्माण कार्य में लगे लोगों को डराने के उद्देश्य से फायरिंग करने की साजिश रची गई थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने राहुल दुबे गैंग के लिए काम करने की बात स्वीकार की है।
गोली चलाने के लिए मिलने थे डेढ़ लाख रुपये
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित सईद की राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य प्रकाश शुक्ला से बातचीत हुई थी। पुलिस के मुताबिक, उसी के जरिए निर्माण स्थल पर लेवी के लिए फायरिंग की योजना बनाई गई थी। इसके लिए गोली चलाने वाले व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये देने की बात कही गई थी।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। हथियारों की बरामदगी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


